
कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जन खरगे और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा
– फोटो : social media
विस्तार
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज भाजपा के चुनावी अभियान पर तीखा हमला बोला। खरगे ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है। इन आरोपों पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पलटवार किया। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस को देश के गरीबों की सेवा करने वाले अधिकारियों और लोक सेवकों से परेशानी है। पार्टी देश की जनता की गरीबी दूर होते नहीं देख सकती।
कांग्रेस प्रमुख को नड्डा ने बताया शासन का मूल सिद्धांत
नड्डा ने खरगे के बयान के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस और खरगे को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “मुझे देखकर हैरानी होती है कि कांग्रेस पार्टी को योजनाओं की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर तक पहुंचने वाले लोक सेवकों से दिक्कत है।” उन्होंने सवाल किया कि अगर शासन का मूल सिद्धांत यह नहीं है, तो क्या है?
खरगे ने रथ यात्रा पर सवाल किया, युद्धपोत के निजी इस्तेमाल का आरोप
भाजपा की ‘रथ यात्रा’ पर भी खरगे ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा, मोदी सरकार हमेशा केवल प्रचार में ही लगी रहती है। देश में उनके खिलाफ माहौल बन रहा है। ऐसे समय में भाजपा ने आदेश निकाला है कि अफसर, अब उनकी सरकार के प्रचार के लिए “रथ प्रभारी” बनेंगे। अब वो सरकारी काम छोड़ कर सरकार की रथ यात्रा निकालेंगे। इस पर नड्डा ने कहा, कभी युद्धपोतों का इस्तेमाल निजी नौकाओं के रूप में किया गया। ऐसे कारनामों के विपरीत भाजपा सार्वजनिक संसाधनों का उपयुक्त उपयोग कर रही है।