छठ पूजा में विशेष तौर पर सूर्य देव और छठी मां की पूरे विधि विधान से पूजा की जाती है। फिल्मों में खास करके, भोजपुरी में छठ पूजा की महत्ता को खूब दिखाया गया है। आम तौर पर छठ के अवसर पर जो फिल्में रिलीज होती हैं, उनमें छठ पूजा के गीत जरूर होते हैं। आइए भोजपुरी की इन 10 फिल्मों के माध्यम से छठ पूजा के महत्व को समझते हैं।
छठ मैया की बरतिया (चला छठ गीत गावल जाए)
इन दिनों भोजपुरी फिल्म छठ मैया की बरतिया का गीत ‘चला छठ गीत गावल जाए’ को काफी पसंद किया जा रहा है। हाल ही में यह फिल्म रिलीज हुई है। यह गीत अभिनेत्री स्मृति सिन्हा पर फिल्माया गया है। इस फिल्म में स्मृति सिन्हा को छठी मइया की भक्त और माही श्रीवास्तव ने छठ मईया का किरदार निभाया है। कन्हैया एस विश्वकर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में स्मृति सिन्हा और माही श्रीवास्तव के अलावा अंशुमन मिश्रा समर्थ चतुर्वेदी, रितु पांडेय, प्रतिभा साहु की मुख्य भूमिकाएं हैं।
निरहुआ चलल लंदन (पहिले पहिले बानी कईले छठी मैया व्रत तोहार)
फिल्म ‘निरहुआ चलल लंदन’ में दिखाया गया है कि दिनेश लाल यादव निरहुआ लंदन से अपनी मां को फोन करते हैं और छठ पूजा के बारे में पूछते हैं। उनकी मां कहती है कि तबियत खराब होने की वजह से इस साल छठ मैया का व्रत नहीं रख पाएंगी। यह बात सुनकर निरहुआ निराश हो जाते हैं। आम्रपाली दुबे को पता चल जाता है कि निरहुआ परेशान क्यों हैं। वह छठ मैया का व्रत रखती है और कहती हैं कि लंदन वाली लड़की से शादी के बाद भी घर में छठ पूजा बंद नहीं होगा। ‘पहिले पहिले बानी कईले छठी मैया व्रत तोहार’ के जरिए यह बताने की कोशिश की गई है कि मन में अगर श्रद्धा भाव हो तो पूजा कहीं भी की जा सकती है। कल्पना के गाए इस गीत को मधुकर आनंद ने संगीतबद्ध किया है।
बोल राधा बोल (कांच ही बांस के बहंगिया )
अभिनेता – गायक खेसारी लाल यादव की फिल्म ‘बोल राधा बोल’ में छठ का गीत ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ में दिखाया गया है कि छठी मैया के इस पर्व को बिना भेदभाव के एक साथ मिलकर मानना चाहिए। इस गीत को खेसारी लाल यादव, कल्पना और अल्का झा ने गाया है। प्यारे लाल यादव के लिखे गीत को संगीतकार छोटे बाबा से ऐसा संगीतबद्ध किया है कि इस गीत को सुनकर दर्शक छठी मैया की भक्ति में डूब जाते हैं। इस फिल्म में खेसरी लाल यादव ने एक नास्तिक लड़के की भूमिका निभाई थी, लेकिन जैसे ही उस पर छठी मैया की कृपा होती है वह आस्तिक बन जाता है। पराग पाटिल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में छठ पूजा की महिमा का बखान किया गया है।
हमारी लक्ष्मी बिटिया (उगा हो सुरुज देव)
भोजपुरी फिल्म ‘हमारी लक्ष्मी बिटिया’ बाप बेटी के भावनात्मक रिश्ते पर आधरित फिल्म है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक बेटी छठी मैया की भक्ति से अपने बीमार पिता को ठीक करती है। इस फिल्म में छठ गीत ‘उगा हो सुरुज देव’ फिल्म की नायिका काजल राघवानी पर फिल्माया गया है। इस गीत को इंदु सोनाली ने गाया है जिसे संगीतबद्ध अमन श्लोक ने किया है। संजीव बोहरपी के निर्देशन में बनी इस फिल्म के गीत प्यारेलाल ने लिखे हैं।